भाजपा के नेता अपना धर्म जनता की सेवा भूल चुके हैंः प्रियंका गांधी

Home » Media Resources » Speeches » भाजपा के नेता अपना धर्म जनता की सेवा भूल चुके हैंः प्रियंका गांधी

भाजपा के नेता अपना धर्म जनता की सेवा भूल चुके हैंः प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश में हो रहे चुनावों के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को ‘कांग्रेस प्रतिज्ञा’ वर्चुअल महारैली को संबोधित किया। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने यूपी में जनता की कथित अनदेखी को लेकर सूबे की योगी सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में युवाओं को न तो रोज़गार मिला और न ही महिलाओं को सुरक्षा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नौजवानों की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। ऐसे नौजवान हैं, जिन्होंने अपनी जिंदगी के कई साल गंवा दिए लेकिन रोज़गार नहीं मिल रहा। इस सरकार में परीक्षाएं लटकाई गईं, भर्तियां रद्द हो रही हैं, पेपर लीक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा और निगरानी के लिए भर्ती आयोग का गठन किया जाएगा।

महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। जहां भी वो जाती हैं, प्रताड़ना का शिकार महिलाएं उनसे मिलती हैं। उन्होंने कहा कि ये महिलाएं उनसे अपनी समस्याएं साझा करती हैं। वो बताती हैं कि प्रशासन और पुलिस उनकी मदद करने के बजाए अत्याचारी की मदद करते हैं। उनकी शिकायत तक नहीं लिखी जाती।

प्रियंका गांधी ने सत्तारूढ़ भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कभी नौकरी सृजन, रोजगार दिलवाने, महिलाओं पर अत्याचार कम करने के समाधान, महिलाओं को सशक्त करने, दलितों की सुरक्षा और महंगाई जैसे मूलभूत मुद्दों पर बता नहीं करती।

भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नेता सवाल उठाते हैं कि कांग्रेस ने 70 सालों में क्या किया? इसपर पलटवार करते हुए प्रियंका गांधी ने ज़ोरदार कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस ने कुछ बनाया नहीं होता तो भाजपा बेचती क्या?

प्रियंका गांधी ने भाजपा नेताओं पर हमला करते हुए कहा कि नेता का धर्म होता है जनता की सेवा करना, लेकिन ये भाजपा नेता अपना धर्म भूल चुके हैं। जब जनता पर संकट आया तब वे बाहर ही नहीं निकले, न जनता से पूछा कि वे किस हाल में हैं। उन्होंने दावा किया कि संकट के समय कांग्रेस लोगों के साथ खड़ी थी। वो सड़कों पर निकलकर लोगों की मदद कर रही थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *