भाजपा, सपा और बसपा नौजवानों-महिलाओं को गढ्ढे में ढकेल रहे हैंः प्रियंका गांधी

Home » Media Resources » Speeches » भाजपा, सपा और बसपा नौजवानों-महिलाओं को गढ्ढे में ढकेल रहे हैंः प्रियंका गांधी

भाजपा, सपा और बसपा नौजवानों-महिलाओं को गढ्ढे में ढकेल रहे हैंः प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मऊ के मधुबन में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की समस्याओं को उठाते राज्य की योगी सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोग बेरोज़गारी और महंगाई से त्रस्त हैं, लेकिन सरकार इसपर कोई बात नहीं करती।

मधुबन के इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज में सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या रोजगार की है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। मजदूर परेशान हैं, उन्हें दिहाड़ी कम मिलने लगी है। किसान को फसल का दाम नहीं मिल रहा है। ऊपर से बढ़ते बिजली के बिल की मार भी झेल रहे हैं। जनता इन तमाम समस्याओं से त्रस्त है, लेकिन सरकार इसके समाधान के लिये कुछ नहीं कर रही। सरकार तो इसपर बात तक नहीं कर रही।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि वो पाकिस्तान, चीन और अपराधियों पर बुलडोजर चलाने की बात तो करते हैं लेकिन कभी समस्याओं पर बात नहीं करते। उन्होंने कहा कि सीएम योगी मंचों से 70 लाख रोज़गार का झूठा आश्वासन देते हैं और केवल जाति-धर्म पर लोगों को लड़ाते हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि  प्रदेश में बेरोज़गारी बड़ी समस्या है। यहां सरकारी विभागों में 12 लाख पद खाली पड़े हैं और युवा रोज़गार के लिये सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। उन्हें रोज़गार नहीं मिल रहा। भाजपा वाले छात्रों के जज्बात से खेल रहे हैं। भाजपा, सपा व बसपा नौजवानों व महिलाओं को गढ्ढे में ढकेल रहे हैं। लोगों को गरीब व अशिक्षित बनाया जा रहा है।

इस दौरान प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की जमकर तारीफ़ भी की। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में छुट्टा पशुओं को रोज़गार के अवसर के रूप में प्रयोग कर रहे हैं। दो रुपये किलो वहां गोबर खरीद रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि इस चुनाव में आप को तय करना है कि आपको क्या चाहिए। आप सभी को प्रदेश की दिशा व दशा तय करनी है। जाति व मज़हब से हटकर देश के लिए वोट करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिये कांग्रेस को वोट करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *